UP 10000 Teachers/ Principal Recruitment 2015 Madhyamik Shiksha Sewa Chayan Board

जल्द होंगीं प्रधानाचार्यो की नियुक्तियां’ माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष ने दी जानकारी अगले महीने दस हजार शिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन होगा जारी जागरण संवाददाता, एटा: 
चयन बोर्ड में चल रही गड़बड़ियों को दुरुस्त किया जा रहा है। अब बोर्ड में हर काम शुचिता से होगा। अगले महीने 10 हजार शिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन जारी होगा। इसके साथ ही 20 सितंबर से प्रधानाचार्यो, टीजीटी-पीजीटी पदों की भर्तियां निकाली जाएंगी। रविवार को सम्मान समारोह कार्यक्रम में पहुंचे उप्र माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनिल कुमार वर्मा ने ये जानकारी दी। राजकीय इंटर कॉलेज में राजकीय शिक्षक संघ आगरा व अलीगढ़ मंडल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि चयन बोर्ड की दशा को सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा में सुधार को सभी के सहयोग की जरूरत है। शिक्षक एक गंगोत्री के समान होता है। जहां से आइएएस, पीसीएस, नेता और वैज्ञानिक निकलते हैं। शिक्षक से ही राष्ट्र का निर्माण होता है।इस मौके पर पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी, संयोजक और प्रभारी प्रधानाचार्य महावीर सिंह यादव, सह संयोजक चंद्रपाल सिंह यादव, रविकांत यादव ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।इस मौके पर पीसीएस 2014 में एसडीएम पद पर चयनित हुए गांव कोयला बादशाहपुर निवासी अरविंद यादव, मैनपुरी के प्रशांत यादव और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र मुंबई में वैज्ञानिक पद पर चयनित राहुल प्रताप भदौरिया को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर अरविंद यादव ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के टिप्स दिए। इस दौरान शिक्षक नेता गुमान सिंह यादव, पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी ने भी विचार व्यक्त किए।